प्रयागराज, 08 अगस्त। नेताओं की सियासी पाठशाला से जनता का मोह भंग होने लगा है। इसकी एक झलक देखने को मिली प्रयागराज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘ छात्रों की गूंज ‘ कार्यक्रम में । आयोजन स्थल में कीचड़ और अव्यवस्था के बीच जब भीड़ का टोटका कार्यक्रम में होने लगा तो आयोजकों को एक घंटे कार्यक्रम आगे बढ़ाना पड़ा । इधर इसी समय अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद का अंतिम संस्कार शहर में ही कसारी मसारी कब्रिस्तान में चल रहा था जिसके चलते राहुल के कार्यक्रम में न तो मीडिया की रुचि दिखी और न ही जनता की । युवाओं की भारी भीड़ कसारी मसारी कब्रिस्तान में अबान के जनाजे को कंधा देने आए जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद और उमर अहमद को देखने में थी। शहर के केपी कालेज के मैदान में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को 25 मिनट तक संबोधित किया। आयोजन में छात्र कम और कांग्रेस के कार्यकर्ता ज्यादा थे। राहुल के साथ प्रियंका गांधी की बेटी मिराया भी रहीं।
राहुल ने कहा कि भारत में करीब 40 करोड़ युवा हैं। यही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। चीन की चर्चा होती है, लेकिन भारत के युवाओं के सामने उसकी ताकत कुछ भी नहीं है।आपसे कहा जाता है कि जितनी रील देखनी है और जितनी रील बनाना चाहते हैं, बनाओ। यह रील 21 वीं सदी का नशा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारों से लाखों करोड़ रुपए लिए जाते हैं और बदले में BA-MA की डिग्री मिलती है, लेकिन यह सर्टिफिकेट रोजगार की गारंटी नहीं देता।


