हरिद्वार कुम्भ-2027, मेला क्षेत्र में तेजी से आकार ले रही अवस्थापना सुविधाएं

0
3

हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 के पावन पर्व के लिए कुम्भ नगरी हरिद्वार को सजाया-संवारा जा रहा है। मेला क्षेत्र में सड़कों, फुटपाथों, घाटों, पुलों, चौराहों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी विभिन्न अवस्थापना परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इन कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित, अपर मेलाधिकारी श्री नंदन कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

 

मेलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सड़कों के नवीनीकरण एवं सुधार, फुटपाथ निर्माण और चौराहों के व्यवस्थित विकास से जुड़े कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गतिमान कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों एवं फुटपाथों पर आवागमन में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को तत्काल शिफ्ट किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

 

आइरिस पुल के निकट एडमिन रोड, बैरागी कैंप, एनएच सर्विस लेन तथा शंकराचार्य चौक मार्ग के जंक्शन का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने इन स्थलों पर सड़क एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ आइरिस पुल और महिला मिलन मंदिर के मध्य स्थित भूमि का भी जायजा लिया। यहां उपलब्ध भूमि को व्यवस्थित कर पार्क विकसित करने और स्नान की सुविधा के लिए घाट को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। प्रवेश द्वार के निकट स्थित पुराने कमरों को प्रसाधन एवं चेंजिंग रूम के रूप में विकसित करने को भी कहा।

 

मेलाधिकारी ने आइरिस पुल से शंकराचार्य चौक को जोड़ने वाली सड़क के सुधार कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा इस क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शंकराचार्य चौक पर चल रहे सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के साथ लैंडस्केपिंग की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने सभी कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here