उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट सूची तैयार करते समय उन आरक्षित वर्ग (OBC, SC, ST आदि) के अभ्यर्थियों को अनारक्षित (ओपन/सामान्य) श्रेणी में शामिल नहीं किया, जिन्होंने सामान्य वर्ग के कट-ऑफ से अधिक अंक हासिल किए थे। आयोग अपने 9 जनवरी 2020 के एक कार्यालय ज्ञापन (Office Memorandum) का पालन कर रहा था। इस नियम के तहत आरक्षित वर्ग के मेधावी अभ्यर्थियों को अनारक्षित सीटों पर समायोजित करने का लाभ केवल अंतिम चयन (Final Selection) के स्तर पर दिया जा रहा था, न कि प्रारंभिक या मुख्य परीक्षा के स्तर पर।
हाईकोर्ट ने क्या कहा की टिप्पणी न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की पीठ ने स्पष्ट किया कि ‘अनारक्षित’ (Unreserved/Open) श्रेणी किसी एक वर्ग के लिए आरक्षित कोटा नहीं है, बल्कि यह मेरिट के आधार पर सभी वर्गों के लिए खुला मंच है। यदि आरक्षित वर्ग का कोई अभ्यर्थी बिना किसी छूट के सामान्य वर्ग से अधिक अंक लाता है, तो उसे प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के चरणों में भी सामान्य श्रेणी में गिना जाना चाहिए।
किस वर्ग के अभ्यर्थियों को नुकसान: अधिक अंक पाने वाले मेधावी आरक्षित अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में न भेजकर उनकी मूल आरक्षित श्रेणी में ही रोके रखने से, आरक्षित कोटे की सीटें उन्हीं से भर गईं। परिणामस्वरूप, आरक्षित वर्ग के वे अन्य अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा की दौड़ से बाहर हो गए जो मेरिट में आने के पात्र थे।



