*माघ मेला -2027 के लिए बिजली विभाग का भूमि पूजन सम्पन्न, माघ मेला -2027 मे नए प्रयोग करेगा बिजली विभाग*
*प्रयागराज, 26 नवंबर।*
प्रयागराज के संगम तट पर 14 जनवरी 2027 से आयोजित होने जा रहे देश के सबसे बड़े वार्षिक धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन माघ मेला इस बार कई विषयों मे आयोजनों मे नई लकीर खीचने वाला है | सरकार की मंशा इसे मिनी कुम्भ का स्वरूप देने की है जिसे लेकर मेला प्रशासन ने मेले की व्यवस्था और आयोजन को लेकर कई नए प्रयोग किए हैं | माघ मेला का प्रमुख स्तम्भ बिजली विभाग भी इसमे पीछे नहीं है | विभाग इस बार माघ मेले मे नई व्यवस्था के साथ उतर रहा है ।

*माघ मेला में रोशनी के साथ निगहबानी भी करेगा बिजली विभाग*
प्रयागराज के त्रिवेणी के तट पर 14 जनवरी 2027 से शुरू हो रहे आस्था के महा समागम माघ मेला में बिजली व्यवस्था को लेकर नए प्रयोग किए जा रहे हैं।
माघ मेला मे अपनी तैयारियों के लिए गति और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए माघ मेला के परेड ग्राउन्ड मे बिजली विभाग का भूमि पूजन का अनुस्थान सम्पन्न हुआ जिसमे पूर्वाञ्चल विद्युत वितरण निगम की तरफ से माघ मेला मे अपनी तैयारियों का रोड मैप सामने रखा |
माघ मेला में बिजली विभाग श्रद्धालुओं , कल्पवासियों को बिजली आपूर्ति करने के साथ मेला क्षेत्र की निगरानी भी करेगा ।

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एम डी संदीप कुमार का कहना है कि इस बार माघ में सभी पावर सब स्टेशन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मेला क्षेत्र में बनाए जा रहे सभी 29 पॉवर सब स्टेशन में हाई रेजोल्यूशन वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे । इनकी फ़ीड मेला क्षेत्र मे बनाए गए बिजली विभाग के कंट्रोल रूम भेजी जाएगी | चीफ इंजीनियर का कहना है कि मेला क्षेत्र में ये सीसीटीवी कैमरे कई तरह से माघ मेला की व्यवस्था में अपना योगदान देंगे। माघ मेला क्षेत्र में मेला प्रशासन की तरफ से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का मुख्य क्षेत्र संगम नोज के आसपास का सर्कुलेटिंग एरिया होता है जहाँ श्रद्धालुओं का सबसे अधिक आवागमन होता है। ऐसे में माघ मेला के विभिन्न सेक्टर्स के दूर दराज के क्षेत्र इससे अछूते रह जाते हैं। इन अछूते क्षेत्रों में होने वाली हर तरह की गतिविधि पर बिजली विभाग के इन हाई रेजोल्यूशन कैमरों की नजर होगी। मेला क्षेत्र में फैले बिजली विभाग के इस नेटवर्क को चलाने के लिए बिजली कर्मियों की फौज तैयार हो रही है। इन बिजली कर्मियों की सक्रियता और सतर्कता से ही मेला क्षेत्र में बिजली की निर्बाध और दुर्घटना मुक्त आपूर्ति सुनिश्चित होती है। सब स्टेशन में लगाये जा रहे इन सीसीटीवी कैमरों से हर बिजली कर्मी पर नजर रखी जा सकेगी।

*मेला क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए बिजली व्यवस्था में 10 फीसदी की बढ़ोत्तरी*
माघ मेला क्षेत्र के परेड ग्राउन्ड स्थित बिजली विभाग के शिविर मे गुरुवार को पूर्वाञ्चल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार की अगुवाई भूमि पूजन किया गया |भूमि पूजन में मुख्य अभियंता राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता केके सारस्वत, अधिशासी अभियंता मेला अशोक कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने माघ मेला क्षेत्र में भूमि पूजन कर माघ मेला में बिजली आपूर्ति को लेकर अपना रोड मैप सामने रखा। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए पिछले मेले के मुकाबले इस बार बिजली व्यवस्था में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। मेला क्षेत्र में 29 सब स्टेशन बनाए गए हैं जबकि मेला क्षेत्र मे 23,120 बिजली के पोल लगेंगे । इसके अलावा मेला क्षेत्र में 27,500 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। पिछले माघ मेले में 25 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, जिन्हें इस बार बढ़ाकर 27,500 किया जा रहा है। व्यवस्था की बढ़ोत्तरी मे ही बिजली आपूर्ति के लिए डीजी सेट की संख्या 28 से बढ़ाकर 32 कर दी गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस बार माघ मेला के शिविरों में बिजली कनेक्शन की संख्या भी पिछले मेले के 66,220 के मुकाबले करीब 10 हजार बढ़ाई जाएगी । सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइटों की संख्या भी 500 से बढ़ाकर 600 की जा रही है। विभाग की तरफ से 25 दिसंबर तक मेला क्षेत्र के सभी कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा।

*पल भर भी नहीं जाएगी बिजली, फीडरों पर लगाए जाएंगे आरएमयू*
मेला क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है । बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए फीडरों पर रिंग मेन यूनिट लगाए जाएंगे। इससे एक स्थान पर बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल दूसरे स्रोत से बिजली बहाल की जा सकेगी। साथ ही शार्ट सर्किट और आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए एमसीबी लगाने की व्यवस्था भी होगी। इसमें सोलर हाइब्रिड लाइट की व्यवस्था है। मेला क्षेत्र में बिजली संबंधी शिकायतों और सूचनाओं के लिए क्यूआर कोड की सुविधा भी रहेगी। इसे स्कैन करके श्रद्धालु बिजली विभाग से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और शिकायत दर्ज कराने के लिए संपर्क कर सकेंगे। इस तरह मेले की व्यवस्था मे कई अभिनव प्रयोगों इस वर्ष किए जा रहे हैं |


